चमोली()। औली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप के लिए आयोजन समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आज सभी राज्यों की टीमें औली पहुंच जाएंगी। आगामी 12 फरवरी से स्कीइंग की प्रतियोगिताएं शुरू की जाएंगी। आयोजकों ने मंगलवार को चैंपियनशिप के लिए तैयार किए गए दोनों स्लोप का स्थलीय निरीक्षण किया। चैंपियनशिप तक स्लोप पर पर्याप्त बर्फ जमीं रहे, इसके लिए यहां पर्यटकों और आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। बाहर से आने वाले स्कीयरों के लिए एक अन्य स्लोप अभ्यास के लिए तैयार किया गया है। औली में 12 से 16 फरवरी तक विंटर कॉर्निवाल के साथ ही राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन प्रस्तावित है। विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव राकेशा रंजन भिलंगवाल ने बताया कि स्कीइंग चैंपियनशिप की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहरी राज्यों के खिलाड़ियों को ठहरने की व्यवस्था गढ़वाल मंगल विकास निगम (जीएमवीएन) में की गई है। निजी होटलों में भी खिलाड़ियों के लिए व्यवस्था की गई है। औली में चैंपियनशिप के लिए तैयार किए गए दोनों स्लोप को नेट फिटिंग कर तैयार कर लिया गया है। कहा कि खिलाड़ियों के लिए दस नंबर टावर के समीप अभ्यास के लिए एक स्लोप तैयार किया गया है।