जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पिछले कुछ दिन से मौसम में गर्मी आने लगी थी। यही कारण था कि शुक्रवार को पारा 35 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया था। वहीं, शनिवार तड़के हुई बारिश ने चढ़ते पारे से राहत दिलवाई। सुबह के समय हवाओं ने ठंड का एहसास करवा।
शुक्रवार को तेज धूम ने गर्मी का एहसास करवा दिया। कई लोगों को रात के समय पंखे तक चलाने पड़े। लेकिन, शनिवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में गड़गड़ाहट के साथ ही बारिश होने लगी। साथ ही तेज हवाएं भी चल रही थी। हवाओं के कारण आम व लीची पर आई बौंर भी झड़ गई। सुबह आठ बजे तक हल्की बूंदाबांदी होती रही। बूंदाबांदी के कारण मौसम काफी सुहावना हो गया था। लोगों ने घर से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लिया। दोपहर के समय तेज धूप थी, लेकिन, हवाएं भी लगातार चलती रही। जिससे गर्मी का अधिक असर नहीं दिखाई दिया। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी तड़के बारिश हो रही थी। गुमखाल, लैंसडौन, चरेख क्षेत्र में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया था। पूरे दिन हवाएं भी चलती रही। बदलते मौसम को देख पर्यटकों के चेहरे खिल गए थे।