जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : समाज को नशामुक्त बाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त के लिए एकजुट होने का संदेश भी दिया गया।
विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राजकीय इंटर कालेज सुखरो, मोटाढांक व घमंडपुर में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को कलाकार हेमंत पांडे, अर्चना पूरन सिंह, गायक जुबिन नौटियाल द्वारा नशे के खिलाफ बनाए गए वीडियो मैसेज को दिखाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायिक मजिस्ट्रेट इशांक सिंह, वोलेंटियर राखी पाल व दीपक रावत ने नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है। समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की विद्या मेहता व अधिवक्ता अवनीश अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बारे में बताया। कहा कि वर्तमान में साइबर अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे बचाव के लिए आमजन का जागरूक होना अति आवश्यक है। कार्यशाला में मिलने वाली जानकारी को अधिक से अधिक व्यक्तियों तक पहुंचाने की भी अपील की गई।