अफसर बिटिया कार्यक्रम में बेटियों को सशक्त बनाने का लिया संकल्प

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, रिखणीखाल द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कर्तिया में ‘अफसर बिटिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने 250 से अधिक बालिकाओं, अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक किया। इस मौके पर बेटियों को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। बाल विकास परियोजना अधिकारी महबूब खान ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बाल विवाह और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान किया। पुलिस विभाग की ओर से चौकी इंचार्ज (रथुवाढाब) ने साइबर क्राइम और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव हेतु कानूनी प्रावधानों एवं हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी साझा की। स्वास्थ्य विभाग से चिकित्साधिकारी डॉ. सोनाली और डॉ. आलोक ने बालिका स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और कन्या भ्रूण हत्या जैसे संवेदनशील विषयों पर प्रकाश डाला। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी किरन नेगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और शिक्षा के अधिकार के माध्यम से बालिकाओं को मिलने वाले शैक्षणिक लाभों के बारे में बताया। वक्ताओं ने जोर दिया कि शिक्षित और स्वस्थ बेटी ही समाज की उन्नति का आधार है। इस अवसर पर बालिकाओं के मध्य निबंध, वाद–ववाद, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 27 बालिकाओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में सामान्य अध्ययन की पुस्तकें और डिक्शनरी प्रदान की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *