स्थापना दिवस पर लिया कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प

Spread the love

धूमधाम से मनाया गया कांग्रेस का 139वां स्थापना दिवस
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महानगर कांग्रेस कमेटी व जिला युवा कांग्रेस की ओर से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 139वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
नजीबाबाद रोड स्थित एक बारात घर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह नेगी व विशिष्ट अतिथि महापौर हेमलता नेगी ने कांग्रेस व यूथ कांग्रेस कमेटी को मजबूत करने का आह्रान किया। कहा कि हमें गर्व है कि हम उस पार्टी के सदस्य हैं, जिसने देश की आजादी में भूमिका निभाई। जब 1885 में पार्टी की स्थापना हुई थी, तब हमने लोकतंत्र के लिए लड़ाई लड़ी थी और आज हम लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का उद्देश्य लोक कल्याण है और भारत के लोगों की प्रगति है। हम संसदीय लोकतंत्र पर आधारित भारत में विश्वास करते हैं, जिसमें बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए समानता, अवसर, राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकार निहित हैं। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के अध्यक्ष संजय मित्तल, यूथ कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के जिला अध्यक्ष विजय रावत, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, सेवादल महानगर अध्यक्ष महावीर रावत, महानगर कांग्रेस कमेटी की महिला अध्यक्ष सुधा असवाल, छात्र संघ अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु बौखंडी, अंकुश घिल्डियाल, पूर्व प्रमुख गीता नेगी आदि मौजूद रहे। वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में प्रदेश में भू-कानून लागू करने को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में सख्त भू कानून लागू करने की मांग की गई। कहा कि प्रदेश में भू-कानून लागू करना व स्थाई निवास की बजाय मूल निवास प्रमाण पत्र निर्गत करने की तत्काल व्यवस्था होनी जरूरी है। ताकि प्रदेशवासियों को सरकारी नौकरियों का लाभ मिल सके। भू-कानून लागू होने से बाहरी प्रदेशों के भूमाफियाओं पर लगाम लग सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *