धूमधाम से मनाई ईगास, संस्कृति के संरक्षण का संकल्प

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शांति बल्लभ मोमोरियल इंटर कालेज में ईगास पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्कृति के संरक्षण का भी संकल्प लिया। कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य वरूण भदोला ने किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को उत्तराखंड की संस्कृति व सभ्यता के बारे में जानकारी दी। इसके उपरांत छात्रों ने गोमाता का पूजन किया। गायों को भोग के रूप में मंडुवे की बाड़ी व झंगोरे के लड्डू खिलाए। छात्रों ने गायों के माथे पर तिलक लगाकर सींगों पर घी लगाया। इस मौके पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित करवाई गई। जिसमें प्राथमिक वर्ग में दिव्यांशी नेगी प्रथम, प्राची द्वितीय व वंश तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में सोनाक्षी प्रथम, तन्नू द्वितीय, अंशिका तृतीय रही। वरिष्ठ वर्ग में अमन ध्यानी प्रथम, शीतल द्वितीय व शिवानी तृतीय रहे। इस मौके पर संगीता बिष्ट, विष्णु प्रताप, मनबीर सिंह, सुहानी, ज्योत्सना देवरानी, कमलेश सिंह रावत, मधुमिता जखमोला मौजूद रहे। उधर शिवपुर क्षेत्र की कंडारी कालोनी में भी शिक्षक टीएस रावत के नेतृत्व में इगास पर्व को पर्वतीय अंचल के पौराणिक स्वरूप में मनाया गया। सर्व प्रथम वार्डवासियों ने गायों की सींगों पर सरसों का तेल लगाया, तत्पश्चात गायों के कानों सहित पूरे शरीर की सफाई की। शिक्षक टीएस रावत ने ईगास बग्वाल की पौराणिक स्वरूप की जानकारी दी। कहा कि 16वीं शताब्दी में तिब्बत आक्रमणकारियों को खदेड़ने के लिए गढ़वाल के राजा की सेना छोटी दीपावली को रवाना हुई, लेकिन दस दिनों तक सीमा से सेना की लौटने की कोई सूचना नहीं मिली, ठीक ग्यारहवें दिन पता चला कि सेना युद्ध जीत गई, लेकिन भारी वर्फबारी के कारण वापस आने के रास्ते बर्फ से ढक गए। तब राजा ने पूरे गढ़वाल क्षेत्र में दीपावली जैसे भव्य जश्न मनाया, जिसमें घरों में विभिन्न प्रकार का पकवान बनाकर लोगों को बांटे गए, सेना के परिवारों को सूचना दी गई कि सेना सुरक्षित है। जिसके बाद प्रमुख सेनापति लोधी सिंह रिखोला व सहायह सेनापति माधो सिंह भंडारी के नेतृत्व में सेना सुरक्षित पहुंची। इस मौके पर रचना रावत, रवींद्र सिंह, कंचन कंडारी, रजनी नेगी, हेमलता रावत, एमएस रावत, अमित सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *