डीएम ने किया स्मार्ट क्लास प्रोजेक्ट का शुभारंभ

Spread the love

बागेश्वर। जिले के 20 इंटरमीडिएट स्कूलों में स्मार्ट क्लास का शीघ्र संचालन होगा। इन स्कूलों के प्रधानाचार्यों और अध्यापकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह जिलाधिकारी की नवीन पहल के तहत हुआ है और सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राएं भी अब स्मार्ट क्लास से पठन-पाठन कर सकेंगे। जिलाधिकारी विनीत कुमार ने शुक्रवार को स्मार्ट क्लास प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में 20 स्कूलों में स्मार्ट क्लास संचालित होगी। उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। 12 लाख 57 हजार की धनराशि शिक्षा विभाग को प्रदान की गई है। स्मार्ट क्लास के लिए 55 इंच की एलइडी डिसप्ले खरीदी जाएगी। साथ ही स्मार्ट क्लासों के लिए उच्च गुणवत्तायुक्त कंटेंट भी निर्मित किया गया है। जिसके माध्यम से विद्यार्थी सुगमतापूर्व विभिन्न विषयों का ज्ञान ले सकेंगे। स्मार्ट क्लास के लिए आनलाइन कंटेंट के लिए सभी शिक्षक फीडबैक देंगे। बच्चों को बेहतर से बेहतर शिक्षा प्रदान करना उनकी जिम्मेदारी है। कहा कि स्मार्ट क्लास के लिए तैयार कंटेंट में विभिन्न प्रकार के एनीमेशनों और आकर्षक तकनीकों के माध्यम से विषयों की बारीकी को समझाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में विषयाध्यापकों की कमी है वहां के छात्र-छात्राओं को भी इसका लाभ मिलेगा। कक्षा नौ से 12 वीं तक प्रांरभिक चरण में स्मार्ट क्लास प्रारंभ की जाएगी। इस दौरान मुख्य शिक्षाधिकारी पदमेंद्र सकलानी, जिला शिक्षाधिकारी नरेश शर्मा, उप जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *