जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिलाधिकारी पौड़ी द्वारा लोनिवि व पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को अक्टूबर माह तक सभी सड़को को गड्ढा मुक्त करने के आदेश दिए, लेकिन विकासखंड बीरोंखाल के सुदूवर्ती क्षेत्रों को जुड़ने वाली सिसई-डांग-जामरी मोटरमार्ग को पीएमजीएसवाई बैजरों, सतपुली के अधिकारियों द्वारा अभी तक सड़क को गड्ढा मुक्त नहीं कर पाए। इससे पीएमजीएसवाई के अधिकारी डीएम के आदेशों को ठेगा दिखा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मोटरमार्ग को ठीक नहीं किया गया तो मजबूर होकर आंदोलन करना पड़गा।
बाडाडांडा प्रधान गीता देवी, कमड़ई प्रधान लीला देवी ने बताया कि सीलीफाट को जोड़ने वाली मात्र सिसई-डांग-जामरी सड़क की हालत खस्ता बनी हुई हैं। मोटरमार्ग पर जगह-जगह गड्ढे एंव मलबा पड़ा हुआ है, जो दुर्घटना को न्योता दे रहा है। ग्रामीणों ने कई बार पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को बीडीसी बैठकों में अवगत करा दिया है, लेकिन विभाग सड़क को ठीक करने की जहमत नहीं उठा रहा है। उन्होंने अविलंब इस मार्ग पर बने गड्डों को ठीक करने की मांग की है। ग्रामीणों का यहा भी कहना हैं कि मोटर मार्ग पर बरसात के समय पड़ा हुआ मलबा भी नहीं हटाया गया है। जिससे पहाड़ के इन मार्गों पर चलना कठिन हो गया हैं। पीएमजीएसवाई बैजरों, सतपुली अधिशासी अभियंता पान सिंह बिष्ट ने बताया कि सिसई-डांग-जामरी सड़क पर बने गड्ढों एंव मलबा साफ करने के लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए थे। जेई से पूरी मामले की जानकारी ली जा रही हैं। यदि अभी तक सड़क पर बने गड्ढों नहीं भरे होगे तो ठेकेदार व जेई पर कार्रवाई की जाएगी।