जहरखुरानी का शिकार हुए युवक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

Spread the love

पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंपा
रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत गुडला गांव से चंडीगढ़ नौकरी पर जा रहा था युवक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रिखणीखाल ब्लॉक के गुडला गांव से चंडीगढ़ नौकरी पर जा रहा एक युवक जहरखुरानी गिरोह के शिकार हो गया। उसे राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि ग्राम पंचायत चिणबो ( सिसल्डी ) के तोक ग्राम गुडला निवासी रोहित नाथ (22) पुत्र विनोद नाथ चंडीगढ़ के एक होटल में शेफ की नौकरी करता था। शुक्रवार को वह अपने गांव से निकला था, कोटद्वार से चंडीगढ़ की सीधी बस नहीं मिलने पर वह हरिद्वार चला गया। हरिद्वार से वह चंडीगढ़ की बस में बैठा था, तभी दो युवक उसके पास आए और उससे बातचीत करने लगे। एक युवक ने उसे बोतल से पानी पीने को दिया। पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गया। बदमाशों ने उसकी जेब से करीब दो हजार रुपये निकाल कर भाग गए। बस चालक व परिचालक ने उसे बेहोशी की हालत में बस से उतारा और 108 एंबुलेंस को बुलाकर उसे हरिद्वार के सरकारी अस्पताल भेज दिया। सरकारी अस्पताल से किसी व्यक्ति ने उसके पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे परिजन उसे लेकर बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचे। जहां पर उपचार के दौरान करीब दो घंटे बाद उसके मौत हो गई। कोतवाल मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि युवक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *