शनिवार रात गुमखाल-सतपुली के मध्य की गई थी युवक की हत्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुमखाल-सतपुली राष्ट्रीय राजमार्ग में पोकलेन मशीन के बकेट से युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी।
शनिवार रात द्वारीखाल ब्लॉक के अंतर्गत नौसीन गांव निवासी सुमन देवरानी अपने मित्र रजनीश जुयाल के साथ कार में सवार होकर डाडामंडी से सतपुली जा रहा था। इसी दौरान सतपुली मल्ली के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के दौरान पोकलेन मशीन डंपर में मलबा भर रही थी। जिसके कारण वाहनों का आवागमन बंद किया गया था। कार चला रहे रजनीश ने पोकलेन आपरेटर से उन्हें निकलने के लिए रास्ता देने की बात कही। लेकिन, आपरेटर ने गाली-गलौच शुरु कर दी। रास्ता खुलने के बाद जब कार आगे बढ़ी तो दोबारा आपरेटर ने गाली देना शुरु कर दिया। जिसके बाद सुमन व पौकलेन आपरेटर के बीच विवाद हुआ और पोकलेन आपरेटर ने मशीन के बकेट से सुमन की हत्या कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी पोकलेन आपरेटर की पहचान चमोली जोशीमठ निवासी प्रवीण सिंह के रूप में हुई। मोबाइल की लाकेशन के आधार पर आरोपित प्रवीण को हरियाणा के यमुनागर से गिरफ्तार किया गया। बताया कि मामले की जांच के लिए थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन सिंह रमोला के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। फारेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्यों का भी संकलन कर रही है।