ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने हरियाणा से किया गिरफ्तार

Spread the love

अभियुक्त ने श्रीनगर निवासी महिला के साथ की थी 7 लाख 50 हजार की ऑनलाइन धोखाधड़ी
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पौड़ी पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधडी करने वाले पांच हजार के र्ईनामी अभियुक्त को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी पर पांच हजार का इनाम घोषित था। अभियुक्त ने श्रीनगर निवासी एक महिला के साथ सात लाख पचास हजार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने बताया कि 9 अप्रैल 2024 को श्रीनगर निवासी शोभा द्वारा कोतवाली श्रीनगर पर एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया। शिकायती पत्र में शोभा ने बताया कि किसी अज्ञात अभियुक्त द्वारा पुलिस की गिरफ्तारी का भय दिखाकर डरा धमकाकर उससे 07 लाख 50 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधडी की गयी है। शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली श्रीनगर पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। अभियोग उपरोक्त में विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि एक अभियुक्त शंकर लाल सैनी पुत्र श्योपाल सैनी निवासी झुझरामठ बाजोर, थाना गोकुलपुरा, जिला शिकारपुर, राजस्थान को 01 जून 2024 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अभियोग उपरोक्त में मुख्य अभियुक्त विनोद कुमार लगातार अपने ठिकाने व मोबाइल नम्बर बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। एसएसपी ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था। बताया कि काफी प्रयासों के बाद अभियुक्त विनोद कुमार के हरियाणा में होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा 10 सितंबर को 2024 अभियुक्त विनोद कुमार को थाना एलनाबाद, जिला सिरसा हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गयी। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विजय शैलानी, आरक्षी प्रवीण पुरी, गौरव कुमार आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *