श्रीलंका , श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे और पूर्व नौसेना अधिकारी योशिथा राजपक्षे को शनिवार को पुलिस ने संपत्ति खरीद में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उन्हें उनके गृह क्षेत्र बेलिएट्टा से हिरासत में लिया गया। यह मामला उनके पिता के राष्ट्रपति पद के कार्यकाल (2015 से पहले) के दौरान संपत्ति खरीद से संबंधित है।योशिथा, महिंदा राजपक्षे के तीन बेटों में दूसरे नंबर पर हैं। इस मामले में उनके चाचा और पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे से भी पिछले सप्ताह पूछताछ की गई थी। गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब महिंदा राजपक्षे ने सुप्रीम कोर्ट में एक मौलिक अधिकार याचिका दायर कर अपनी सुरक्षा बहाल करने की मांग की है। सरकार ने उनकी सुरक्षा में हाल ही में कटौती की थी।
पिछले साल नवंबर में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की नई सरकार के गठन के बाद से राजपक्षे परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों की जांच तेज हो गई है। महिंदा राजपक्षे के सबसे बड़े बेटे और विधायक नमल राजपक्षे से भी पुलिस ने एक अन्य संपत्ति विवाद में पूछताछ की थी।
चुनाव से पहले नई सरकार ने 2005 से 2015 के बीच महिंदा राजपक्षे के राष्ट्रपति पद के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार के सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया था। यह गिरफ्तारी उसी वादे की कड़ी मानी जा रही है।