सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर कोतवाली पुलिस छात्र संघ चुनाव परिणाम आने के बाद कमलेश्वर में हुड़दंग मचाने और मारपीट करने वालों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जिन छात्रों की नामजद रिपोर्ट की गई है उनकी भूमिका की जांच भी इन सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जाएगी। साथ ही अज्ञात हुड़दंगियों को भी सीसीटीवी फुटेज मिलने पर गिरफ्तार किया जाएगा।
17 नवंबर को छात्र संघ चुनाव परिणाम आने के बाद विजय जुलूस के दौरान कमलेश्वर में हुड़दंगियों द्वारा लोगों के साथ मारपीट किए जाने व वाहनों पर पत्थर डंडे बरसाने का आरोप है। इस मामले में पीड़ितों ने अलग-अलग तहरीर भी कोतवाली में दी है। जिस पर दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर दिया था। पुलिस का कहना है कि जिन अन्य के नाम तहरीर में दिए गए हैं, उन पर लगे आरोपों की जांच की जा रही है। पुख्ता सबूत मिलते ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी। जबकि अन्य अज्ञात की भी तलाश जारी है। जांच अधिकारी एसआई रणवीर रमोला ने कहा कि शनिवार को भी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम किया है। कहा घटना से सबंधित फुटेज मिलने पर अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (एजेन्सी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *