जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पटेल मार्ग स्थित एक दुकान का नाम बलदने को लेकर हुए विवाद के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सख्ती से काम कर रही है। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की सीमा पर स्थित कौड़िया चैक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध लोगों के आधार कार्ड भी चेक किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया पर भी अपनी नजर बनाए हुए है।
मालूम हो कि, कुछ दिन पूर्व एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान के नाम को लेकर कुछ संगठनों ने विरोध किया था। जिसके बाद एक युवक ने मुस्लिम बुजुर्ग का बचाव किया। इसके बाद बड़ी संख्या में बाहरी क्षेत्रों से विश्व हिंदू परिषद व बजरंगदल के कार्यकत्र्ता कोटद्वार पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने युवक दीपक के जिम में भी घुसने का प्रयास किया। लेकिन, मौके पर तैनात पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत करवाया। इधर, इंटरनेट मीडिया पर लगातार मामला गरमाता जा रहा था। विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारी व कार्यकर्ता कोटद्वार पहुंच रहे थे, जिससे शहर में शांति व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बना हुआ था। ऐसे में पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था बनाने के लिए उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की सीमा पर स्थित कौड़िया चैक पोस्ट पर सख्ती दिखाना शुरु कर दिया। उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले हर वाहन की तलाशी ली जा रही थी। साथ ही वाहन में सवार लोगों से भी पूछताछ की जा रही थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी है। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।