देहरादून(।प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन उत्तराखंड के बैनर तले प्रदेशभर के पीआरडी जवानों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदेश संयोजक प्रमोद मंद्रवाल एवं प्रदेश संयोजक सचिव संजय पवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जवान परेड ग्राउंड के समीप एकत्रित हुए और धरने पर बैठने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर जबरन वहां से हटाते हुए सहस्त्रधारा रोड स्थित धरना स्थल एकता विहार पहुंचा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पीआरडी जवानों को वर्षभर यानी 365 दिन का नियमित रोजगार दिया जाए, साथ ही होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ डीए लागू किया जाए तथा “समान कार्य के लिए समान वेतन” सुनिश्चित किया जाए। परेड ग्राउंड में धरना प्रदर्शन के लिए पहुंचे पीआरडी जवानों की धरने को लेकर पुलिस के साथ तीखी नोंक झौंक हुई। लेकिन पुलिस ने बिना अनुमति का हवाला देते हुए जवानों को मौके से हटाया और उन्हें हिरासत में लेकर जबरन वाहनों में बैठाकर धरना स्थल एकता विहार छोड़ दिया। इसके बाद सभी पीआरडी जवान एकता विहार में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन किया और वहीं अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान जवानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द शासनादेश जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। धरना स्थल पर करीब काफी संख्या में पीआरडी जवान मौजूद रहे। इस दौरान जिला अध्यक्ष नवीन बिष्ट, जिला महासचिव पवन बहुगुणा, सुधीर तोमर, कृपाराम, सुनील तोमर, गंभीर सिंह रावत, वीर सिंह रावत, दीपा रावत, महेंद्र सिंह, कृष्ण भट्ट, अनिल गौड़, मोहित कुमार, सत्येंद्र नौगाईं, आदर्श कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।