जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : साइबर पुलिस ने ठगी का शिकार हुए दो व्यक्तियों के खाते में ठगी गई रकम को वापस दिलवाया है। इस दौरान पुलिस ने आमजन से साइबर अपराध के प्रति जागरूक होने की अपील की है।
अपर पुलिस अधीक्षक शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि छ: मार्च को दुगड्डा देवीखाल निवासी मोहिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लिंक भेजा गया था। बताया कि मोहिता ने जैसे ही लिंक को क्लिक किया उनके खाते से चालीस हजार 947 धनराशि कट गई। यही स्थिति गोविंदनगर निवासी गौरव भाटिया के साथ भी हुई। गौरव के खाते से 79 हजार पांच सौ रुपये निकल गए थे। बताया कि दोनों पीड़ितों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बैंक के साथ मिलकर ठगी गई रकम को वापस दिलवाया। बताया कि लगातार बढ़ रही साइबर अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए जनता का जागरूक होना आवश्यक है। हमें किसी भी अंजान व्यक्ति को अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी नहीं देनी चाहिए।