जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रिखणीखाल क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा गलती से अन्य व्यक्ति के खाते में भेजी गई रकम को साइबर सेल ने वापस दिलवाया है। साइबर सेल से बैंक की मदद से रकम को वापस दिलवाने में सफलता प्राप्त की।
दस अप्रैल को रिखणीखाल निवासी भूपेंद्र भारद्वाज की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि वह अपने किसी परिचित को दस हजार रुपये यूपीआई कर रहे थे। लेकिन, मोबाइल नंबर गलत अंकित होने से रकम किसी अन्य व्यक्ति के खाते में चली गई। बताया कि जब उन्होंने व्यक्ति से संपर्क कर रकम वापस मांगी तो वह आनाकानी करने लगा। साथ ही रकम देने से भी इंकार करने लगा। साइबर सेल कोटद्वार ने व्यक्ति के खाते को सीज कराया और बैंक की मदद से रकम को वापस दिलवाया। पुलिस ने आमजन से साइबर अपराध के साथ ही रकम भेजते समय सावधानी बरतने की अपील की। कहा कि किसी भी तरह की ठगी होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।