होली पर अलर्ट मोड में पुलिस, जिलेभर में सघन चेकिंग और निगरानी तेज

Spread the love

अल्मोड़ा()। होली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर जिले में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान, गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवन्त सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद की निगरानी में सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। नगर क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और मोटर मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है। जिले की सीमाओं और प्रवेश मार्गों पर भी हर वाहन को रोककर जांच की जा रही है, ताकि कोई संदिग्ध या आपराधिक तत्व क्षेत्र में प्रवेश न कर सके। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी लेने के साथ ही पूछताछ भी कर रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है। किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की भी जांच की जा रही है और बिना सत्यापन के रहने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है, ताकि अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या कंट्रोल रूम को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *