हरिद्वार में 500 मेडिकल स्टोरों पर पुलिस के छापे से मचा हड़कंप, 85 पर लगे ताले

Spread the love

हरिद्वार, एजेंसी। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025 के तहत पुलिस ने हरिद्वार में अभियान चलाकर 500 से अधिक मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। टीम ने मेडिकलों को खंगालते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाईयां और लाइसेंस आदि की जांच की। इस दौरान अनियमितता मिलने पर 85 मेडिकल स्टोरों पर पुलिस ने ताले लगा दिए। इसमें क्षेत्र में 41 और देहात में 44 मेडिकल स्टोरों को बंद कराया गया। जिनकी रिपोर्ट बनाकर कार्रवाई की संस्तुति करते हुए ड्रग्स विभाग को भेज दी गई।
मेडिकल स्टोरों पर दवाईयों की आड़ में नशीले इंजेक्शन, दवाई बेचने और बीफार्मा डिग्री धारक की जगह दूसरे लोगों के मेडिकल चलाने की शिकायतें लगातार पुलिस को मिल रही थीं। जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने सभी थाना-कोतवाली प्रभारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके चलते बुधवार को जिले में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित करते हुए मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की गई। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र, शहर कोतवाली, रानीपुर, सिडकुल थाना, बहादराबाद, पथरी, श्यामपुर और रुड़की, कलियर, मंगलौर, भगवानपुर, खानपुर, लक्सर आदि क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई।
संबंधित क्षेत्र के सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने मेडिकलों पर छापा मारा। अधिकांश लाइसेंस धारकों के नाम पर दूसरे लोग मेडिकल स्टोर संचालित करते हुए पाए गए। जिसके बाद पुलिस ने मेडिकलों को बंद करा दिया। सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि नियमों का पालन करते हुए संचालन करें। नशीली दवाईयां, इंजेक्शन बेचे तो जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *