कोटद्वार पुलिस की ओर से क्षेत्र में चलाया गया सत्यापन अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार पुलिस ने बिना सत्यापन कमरा व दुकान किराए पर देने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान लोगों को जल्द से जल्द सत्यापन करवाने की चेतावनी दी गई। कहा कि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जनता को पुलिस का सहयोग करना चाहिए।
पुलिस ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर किराएदारों की जानकारी जुटाई। बिना सत्यापन किराए पर कमरा देने वाले 17 भवन स्वामियों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किराएदारों का सत्यापन होना आवश्यक है। कई व्यक्ति बिना सत्यापन कराये किराए पर कमरा व दुकान दे देते हैं। जिससे पुलिस के पास उक्त व्यक्तियों की जानकारी नहीं होती। यदि कोई अपराध होता है तो किराएदारों की विस्तृत जानकारी पुलिस के पास मौजूद रहेगी। पुलिस ने शहरवासियों से अपने आसपास रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी भी पुलिस को देने की अपील की। कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।