जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पौड़ी पुलिस ने साइबर ठगी के तीन मामलों में पीड़ितों के करीब चालीस हजार रुपये लौटाएं। जिले की पुलिस लगातार अभियान चलाकर लोगों को साइबर ठगी को लेकर जागरूक कर रही है, लेकिन इसके बावजूद भी लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे है। एसएसपी पौड़ी ने लोगों से धनराशि को ऑनलाइन ट्रांसफर करते समय सावधानी बरतने को कहा। कहा कि जागरूकता से ही ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर ठगों से तीन लोगों के पैसे लौटाए है। पहला मामला रिखणीखाल थाने का है। यहां अप्रैल माह में भूपेन्द्र भारद्वाज ने शिकायत की थी कि उन्होंने गूगल पे के जरिए 10 हजार गलत ट्रांसफर कर दिए। इस मामले में संबंधित व्यक्ति से संपर्क भी किया गया, लेकिन कोई हल नहीं निकला। दूसरे मामला साइबर सेल श्रीनगर का है। सेल में शिवम ने शिकायत की कि उनके साथ 23 हजार 711 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई है। साइबर सेल ने इस मामले में संबंधित पैमेन्ट गेटवे एवं बैंक नोडल से पत्राचार कर के खाते से कटी इस राशि को वापस करा दिया। इसी तरह हरीश आहूजा ने भी सेल श्रीनगर में शिकायती पत्र देते हुए बताया कि 7 हजार रुपये अज्ञात खाते में ट्रांसफर हुए है। अब पैसे वापस मांगने पर आनाकानी की जा रही है। इस मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई कर यह राशि लौटाई है। एसएसपी ने बताया कि साइबर ठगों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लोगों से भी अपील की गई है ऐसे मामलों में पूरी सावधानी बरते।