जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पुलिस ने एक वर्ष से खोए हुए मोबाइल उनके स्वामियों तक पहुंचाए। इस दौरान खोए हुए मोबाइलों को देख लोगों के चेहरे खिल उठे।
कोतवाली परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने लोगों को उनके मोबाइल सौंपे। पुलिस ने कहा कि पिछले एक वर्षों से उन्हें खोए हुए मोबाइलों की शिकायत मिली। जिसके बाद पुलिस की सीआईयू टीम लगातार मोबाइलों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने 42 मोबाइल फोन बरामद किए, जिन्हें अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने मोबाइल स्वामियों तक पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइलों की कीमत करीब आठ लाख रुपये से अधिक की थी। कई लोग लगातार पुलिस से मोबाइल मिलने की भी सूचना ले रहे थे। अब जबकि उन्हें अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिले हैं, उनमें खुशी का माहौल है।