पुल बाजार में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा

Spread the love

बागेश्वर। भराड़ी में हुई चोरी की घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने कपकोट पुल बाजार में एक महीने पहले हुई चोरी का भी खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक को जेल भेज दिया है, जबकि दो अभी फरार चल रहे हैं। दोनों की खोजबीन चल रही है। दो दिन में दो चोरी की घटना का खुलासा करने के बाद क्षेत्र के लोगों का खाकी पर भरोसा बढ़ा है। चोरों के हौंसले भी पस्त हुए हैं। मालूम हो गत दिनों चोरों ने भराड़ी में एक फोटो स्टूडियों में सेंधमारी कर लाखों रुपये का माल पार कर दिया। इस घटना के बाद व्यापार मंडल ने पुलिस को तीन दिन में खुलास करने की चुनौती दी थी। इतना ही नहीं आंदोलन की भी धमकी दी थी। पुलिस ने दूसरे दिन ही घटना का खुलासा कर चार युवकों को गिरफ्तार कर माल भी बरामद कर लिया। एक दिन बाद पुलिस ने कपकोट पुल बाजार में एक महीने पहले कॉस्मेटिक की दुकान में हुई चोरी का भी खुलासा किया है। इस मामले में राहुल ऐठानी पुत्र कुंदन सिंह ऐठानी निवासी बमसेरा को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं। उनकी खोजबीन चल रही है। थानाध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि आरोपी को जेल भेज दिया है। इधर दो दिन में दो खुलासे होने के बाद लोगों का पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ गया है। लोगों ने बचे तीन और चोरी के खुलासे की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *