रुद्रपुर। पंतनगर पुलिस ने अटरिया माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी के साथ एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार रम्पुरा निवासी पंकज गौड़ पुत्र नन्हे बाबू शर्मा ने कोतवाली पंतनगर में सूचना दी थी कि 26 फरवरी को अटरिया माता मंदिर में दो अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखे छह दानपात्रों को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। इस मामले में पुलिस ने धारा 305 (डी) बीएनएस बनाम अज्ञात दर्ज किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर व पुलिस क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में पंतनगर थाना पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और सुरागरसी शुरू की। जांच के दौरान दो युवकों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देने की पुष्टि हुई।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 मार्च को पहले आरोपी रामकिशन उर्फ किशन पुत्र स्व. कप्तान सिंह निवासी तीन पानी डैम, ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8108 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त भगवा रंग का कपड़ा बरामद किया था। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। मामले में वांछित दूसरे आरोपी रोहित पुत्र शंकर लाल निवासी मछली बाजार, गुरुकुल स्कूल के पास, ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर को पुलिस ने 15 मार्च को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के 8010 रुपये, एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। अवैध हथियार बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ पंतनगर थाने में आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख)(क) के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत, एसआई सुरेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल नितिन कुमार और हरी सिंह शामिल रहे।