पुलिस ने कसी कमर, वाहनों की ली तलाशी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नए साल पर कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस टीम ने कौड़िया चैक पोस्ट पर वाहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान रेस्टोरेंट व होटल संचालकों को भी नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई। कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
दरअसल, नए साल का उत्साह मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान से पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने भी सख्ती दिखाना शुरु कर दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में टीम ने कौड़िया चैक पोस्ट पर उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों की तलाशी ली। संदिग्ध नजर आने वाले व्यक्तियों के आधार कार्ड भी चेक किए गए। इसके उपरांत पुलिस टीम ने क्षेत्र के होटल व रेस्टोरेंट में भी अभियान चलाया। होटल संचालकों को बिना पहचान पत्र किसी भी व्यक्ति को कमरा न देने की चेतावनी दी गई। कहा कि किसी भी तरह की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। वहीं, होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को रात दस बजे के बाद डीजे नहीं बजाने की भी चेतावनी दी गई। कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित होटल स्वामी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नव वर्ष पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो इसके लिए पुलिस ने रूट में बदलाव किया हुआ है। जिसके तहत कौड़िया से दुगड्डा की ओर जाने वाले भारी वाहनों का संचालन बालासौड़, घराट, महाविद्यालय रोड से किया जाएगा। सिद्धबली मंदिर को आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन भी इसी रूट से संचालित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *