पुलिस महिलाओं को सिखा रही आत्मरक्षा के गुर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिले में स्कूली छात्राओं में आत्मविश्वास व सुरक्षा की भावना को जागृत करने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एसएसपी पी रेणुका देवी के निर्देश में जिले के विभिन्न थानों में नारी सशक्त -देश सशक्त की थीम पर महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया।
एसएसपी पी.रेणुका देवी ने बताया कि प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के स्कूलों, कॉलेजों, कार्यालयों में कार्य करने वाली छात्राओं, युवतियों, महिलाओं को आत्म रक्षा का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए है। जिले के सतपुली, पैठाणी, थलीसैण पुलिस द्वारा विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों द्वारा छात्राओं को पंच बांधना, शरीर की कमजोर कड़ी पर वार करना, किसी की पकड़ से खुद को छुड़ाने के साथ पैरों से वार करना आदि तकनीकी का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही स्कूली छात्राओं को योगा करने, व्यायाम करने व पौष्टिक आहार लेने हेतु बताया गया। साथ ही छात्राओं को बढ़ते हुए अपराधों की रोकथाम, महिला अपराध, मानव तस्कारी, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों व आपातकालीन नम्बर डायल-112 आदि के बारे में जानकारी दी गई। महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को बताया कि यदि उनके साथ कोई भी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार या छेड़छाड़ करता है तो इस तरह की घटनाओं को नजर अंदाज न करें और इसकी सूचना तत्काल अपने परिजनों और पुलिस को दे।
फोटो: 9

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *