जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद में मुख्य बाजारों व कस्बों में पशुओं को छोड़ने वालें पशु स्वामियों पर पुलिस आगामी 1 से 15 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करेगी। पुलिस आगामी 1 से 15 सितंबर तक विशेष अभियान चलायेगी। एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को पशुओं को छोड़ने वाले पशु स्वामियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए है।
एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि लावारिस घूम रहे पशुओं के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इन पशुओं के कारण लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। जबकि सड़क में खड़े ये पशु सिंग से मारकर लोगों को चोटिल कर रहे हैं। इनके कारण सड़क दुर्घटनायें होती रहती हैं और सड़क दुर्घटना होने की प्रबल आशंका भी बनी रहती है। एसएसपी ने बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को पशुओं को छोड़ने वाले पशु स्वामियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। बताया कि पशुओं को बाजारों, सड़कों पर नहीं छोड़ने को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके बावजूद भी अगर कोई पशु स्वामी अपने पालतू पशु को छोड़ता है तो उसके विरुद्ध गो वंश संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने पशुस्वामियों से अपने पशुओं का पशुपालन विभाग में रजिस्ट्रेशन करवाकर टैग अवश्य लगवाने, पशुओं को बाजारों, सड़कों में लावारिस नहीं छोड़ने की अपील भी की है।