हरिद्वार)। महानगर कांग्रेस ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के कथित ऑडियो को लेकर विरोध दर्ज कराया। महिलाओं के लिए विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाकर सिटी मजिस्ट्रेट को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में बिहार की महिलाओं के लिए अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया है। उन्होंने इसे महिला सम्मान पर सीधा हमला बताकर कहा कि सभ्य समाज में ऐसे शब्दों का कोई स्थान नहीं है। गर्ग ने यह भी मांग उठाई कि गिरधारी लाल साहू से जुड़े पुराने मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली भाजपा से जुड़े लोगों का इस तरह का आचरण उसकी कथनी-करनी का अंतर उजागर करता है। पार्षद महावीर वशिष्ठ और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में उदाहरण पेश करते हुए सख्त कदम उठाने चाहिए। पार्षद हिमांशु गुप्ता और महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष अरुण राघव ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान केवल नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए। इस दौरान हिमांशु राजपूत, नवीन भाटिया, आशीष प्रधान, सोनू शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।