शांतिपूर्वक मतदान कर्मचारी व अधिकारियों की जीत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विधानसभा चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न करवाने के लिए सामान्य प्रेक्षक ने कर्मचारियों व अधिकारियों की प्रशंसा की है। कहा कि मतदान को बेहतर तरीके से संपन्न करवाना कर्मचारियों व अधिकारियों की जीत है। सामान्य प्रेक्षक डॉ. पार्थसारथी मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी इला गिरी, सभी रिटर्निंग अधिकारियों और नोडल व सह नोडल अधिकारियों द्वारा विधानसभा निर्वाचन को बहुत ही व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपादित करवाने की प्रशंसा की। सामान्य प्रेक्षक ने कहा कि जिलाधिकारी ने निर्वाचन को बेहतर ढंग से संपादित करवाने के लिए अपनी टीम का बेहतरीन नेतृत्व किया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संपूर्ण जनपद में बेहतर कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बनाए रखा। मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में (स्वीप) मतदाता जागरूकता अभियान टीम ने मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए अनुकरणीय कार्य किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी का दायित्व निभा रही अपर जिलाधिकारी ईला गिरी ने प्रशंसनीय तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। सभी रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा उच्च कुशलता का परिचय देते हुए अपने कर्तव्य निभाए। जिला निर्वाचन कार्यालय तथा विभिन्न दायित्व को देख रहे नोडल और सह नोडल अधिकारियों सभी के द्वारा अपने दायित्वों को बहुत ही कुशलतापूर्वक संपादित किया गया। इस मौके पर डीएफओ मुकेश कुमार, परियोजना अधिकारी डीआरडीए संजीव कुमार राय, जिला विकास अधिकारी सहित समस्त रिटर्निंग, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, नोडल अधिकारी, सहनोडल अधिकारी सहित निर्वाचन से प्रत्यक्ष -अप्रत्यक्ष जुड़े हुए कार्मिक उपस्थित थे। जिला सूचना अधिकारी, जनपद पौड़ी गढ़वाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *