राहुल की भारत जोड़ों यात्रा को मिल रहा भारी जनसमर्थन : पूरण सिंह

Spread the love

नई टिहरी। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के टिहरी जिले के पर्यवेक्षक पूरण सिंह रावत ने कहा कि जनपद में 14 नवंबर से पदयात्रा की शुरूआत कर दी गई है। लगातार 19 नवंबर तक इंदिरा गांधी की जयंती तक कार्यक्रम जनपद में चलाये जायेंगे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाये। जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में रावत ने बताया कि पूरे देश में राहुल गांधी की शुरू की गई नफरत रोको, भारत जोड़ों यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार ने जो नफरत देश में बांटने का काम किया है। उसे जनता समझ चुकी है और राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा को भारी समर्थन दे रही है। कहा कि बीती 14 नवंबर को प्रतापनगर के लंबगांव में भारत जोड़ों यात्रा के तहत पद यात्रा विधायक विक्रम सिंह नेगी के नेतृत्व में निकाली गई। 16 नवंबर को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता रहे स्व इंद्रमणी बडोनी के गांव अखोड़ी में पद यात्रा का आयोजन किया जायेगा। इस मौके पर राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और महिला आरक्षण की मांग की जायेगी। 17 नवंबर को राज्य आंदोलनकारी स्व विद्यादत्त के परिजनों को सम्मानित करते हुए पद यात्रा नवाकोट में की जायेगी। 19 नवंबर को स्व इंदिरा गांधी की जयंती पर टिहरी शहर में बाबा भीमरावत अम्बेडकर स्मारक पर कार्यक्रम और नैनबाग में सामाजिक कार्यकर्ता स्व किशन सिंह के आवास से नैनबाग बाजार में स्व सरदार सिंह रावत के स्मारक तक पद यात्रा का आयोजन किया जायेगा। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि भाजपा के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ने और तीरथ सिंह रावत ने परसंटेज का बयान देकर प्रदेश में भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। जिसका कांग्रेस समर्थन करते हुए एक बार फिर कहती है कि प्रदेश की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार जमकर हो रहा है। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, पूर्व जिलाध्या शांति प्रसाद भट्ट, राज्य आंदोलनकारी मंच के जिलाध्यक्ष ज्योति प्रसाद भट्ट, महिला कांग्रेस अध्यक्ष दर्शनी रावत, नवीन सेमवाल, किशोर मंद्रवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *