जिले में धूमधाम से मनाया हरेला पर्व, रोपे फलदार, चारापत्ती के पौधें
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : हरेला पर्व जिले में धूमधाम के साथ मनाया गया। बुधवार को जिला न्यायालय के पास आयोजित कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के फलदार, चारापत्ती और शोभायमान पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि हरेला पर्व पर पूरे जिले के लोगों ने जो एकजुटता और पर्यावरण के प्रति प्रेम दिखाया है, वह सराहनीय है। एक पौधा लगाना भविष्य की सुरक्षा करना है। इस दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
एक पेड़ मां के नाम पर थीम पर आयोजित कार्यक्रम में अमृत सरोवरों के किनारे भी विशेष रूप से पौध रोपण किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि हरेला पर्व हमारे पर्यावरण और संस्कृति से जुड़ा हुआ एक महत्वपूर्ण अवसर है। पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। बताया कि हर स्थल की जियोटैग युक्त फोटो अपलोड कर अभियान की प्रगति की निगरानी की जा रही है। इस मौके पर पौध रोपण की देखरेख में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच प्लांटेशन वाचर्स चिंतामणी, सुमनदेवी, संतोष सिंह, अर्चना देवी व सबर सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सीडीओ गिरीश गुणवंत, एडीएम अनिल सिंह गब्र्याल, एसडीएम दीपक रामचंद्र शेट आदि शामिल रहे।