पूर्व प्रधान पर गबन का आरोप, भेजा नोटिस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। विकासखंड कल्जीखाल की एक ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान के खिलाफ एफआइआर किए जाने की संस्तुति की गई है। पूर्व प्रधान पर स्वजल की परियोजना के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्य को दी गई धनराशि के गबन का आरोप है। स्वजल की विभागीय जांच में आरोप सही पाए गए हैं। इस मामले में स्वजल के परियोजना प्रबंधक ने एफआइआर किए जाने की संस्तुति का पत्र जिला पंचायत राज अधिकारी को भेजा है। वहीं डीपीआरओ का कहना है कि परियोजना प्रबंधक का पत्र मिलते ही पूर्व प्रधान को नोटिस दे दिया गया है।
विकासखंड कल्जीखाल की ग्राम पंचायत बिलखेत को नवंबर 2018 में स्वजल की ओर से ठोस एवं तरल अपशिष्ठ प्रबंधन कार्य के लिए 4 लाख 80 हजार की धनराशि जारी की गई थी। लेकिन ग्राम पंचायत में योजना के तहत स्वीकृत कोई भी कार्य नहीं किया गया। जबकि जारी धनराशि से 4 लाख 5 हजार की धनराशि निकाली गई। परियोजना प्रबंधक दीपक रावत के मुताबिक पूर्व प्रधान कार्यों को लेकर विभाग को भी गुमराह करता रहा। जब विभाग ने कार्यांे का भौतिक सत्यापन किया तो स्थिति स्पष्ट हुई। पूर्व प्रधान से मामले की जानकारी चाही तो पूर्व प्रधान टालमटोल करते रहे। पूर्व प्रधान ने संबंधित कार्य के अभिलेख वर्तमान ग्राम प्रधान को भी नहीं दिए है। विभागीय जांच में पुष्टि हुई कि पूर्व प्रधान ने ग्राम पंचायत की उपभोक्ता पेयजल एवं स्वच्छता समिति के कोषाध्यक्ष के साथ मिल कर 4 लाख 5 हजार की धनराशि का गबन किया गया है। इस संबंध में पूर्व प्रधान को स्पष्टीकरण के लिए दो बार नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन पूर्व प्रधान की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद उक्त दोनों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराए जाने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र भेजा गया है। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी एमएम खान ने बताया कि स्वजल के परियोजना प्रबंधक की ओर से दिया गया पत्र प्राप्त हो गया है। पूर्व प्रधान को नोटिस भेजा गया है। जल्द अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *