राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल के राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर बुधवार से प्रारम्भ हो गया है। 24 मार्च तक चलने वाले इस शिविर का आयोजन जीआईसी लैंसडौन, जयहरीखाल में किया जा रहा है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरीखाल शशि बिष्ट ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। एनएसएस के माध्यम से छात्र समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एल.आर. राजवंशी ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करता है।
शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एल.आर. राजवंशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरीखाल शशि बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सकमुंडा मीना रौतेला, ग्राम पंचायत जयहरी की प्रधान प्रगति असवाल, जीआईसी लैंसडौन जयहरीखाल के अध्यापक दिनेश पाठक, अभिनव आवासीय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य विकास चन्द्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। स्वयं सेवियों ने ध्येय गीत ‘उठे समाज के लिए उठे उठें, जगें स्वराष्ट्र के लिए जगे जगें’ गीत की प्रस्तुति दी। डॉ. कमल कुमार ने एनएसएस शिविर के महत्व को बताते हुए इसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने छात्रों को समाज सेवा के माध्यम से अपने भीतर नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने को प्रेरित किया। जीआईसी लैंसडौन के शिक्षक दिनेश पाठक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। हम हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। अभिनव आवासीय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य विकास चन्द्र ने कहा कि एन.एस.एस. छात्रों के व्यक्तिव में सर्वांंगीण विकास करता है। इस अवसर पर डॉ. प्रीति रावत सहित स्वयं सेवी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन सह कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय रावत ने किया।