साधना की शक्ति ही सबकुछ: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

Spread the love

ऋषिकेश। बागेश्वर धाम सरकार धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री बुधवार को परमार्थ निकेतन पहुंचे। उन्होंने परमार्थ निकेतन में विश्व शांति यज्ञ और गंगा आरती में शिरकत की। परमार्थ निकेतन पहुंचने पर धीरेंद्र शास्त्री का परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों ने वेदमंत्रों, शंख ध्वनि एवं पुष्पवर्षा कर उनका अभिनन्दन किया। इसके बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती से भेंटकर विश्व शान्ति यज्ञ और गंगा की आरती में सहभाग किया। उन्होंने कहा कि उन्हें दूसरी बार परमार्थ निकेतन आने का सौभाग्य मिला है। यहां आने पर उन्हें लगता है कि वह अपने घर पहुंचे हों। विचारों और मन का पवित्र होना बहुत जरूरी है। जीवन में सब कुछ होता है पर मन ठीक नहीं होता, इसलिये पूज्य संतों का सान्निध्य, साधना और ध्यान को जीवन का अंग बनाना होगा। क्योंकि जिनके पास साधना की शक्ति है उनके पास सब कुछ है। स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन संस्कृति के ध्वज को पूरे विश्व में बड़ी ही दिव्यता, सात्विकता, सरलता, सजगता और दृढ़ता के साथ फहराने का कार्य किया है। पूरे विश्व को भारत माता की दिव्य संस्कृति के दर्शन कराये हैं। इस दौरान उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *