सीमांत गांव गौंडार में सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति शुरू

Spread the love

रुद्रप्रयाग। मूलभूत सुविधाओं से वंचित सीमांत गांव गौंडार में नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू हो गयी है। सोमवार को नवनिर्मित विद्युत लाइन का सफल ट्रायल किया गया। जिसके बाद विद्युत विभाग द्वारा बीपीएल परिवारों को निशुल्क कनेक्शन देकर विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गयी है। जिससे ग्रामीणों में अत्यधिक खुशी का माहौल है। जिले के सीमांत गांव गौंडार के 76 परिवार लंबे समय से स्थायी विद्युत व्यवस्था की मांग कर रहे थे। लेकिन बीच में सेंचुरी एरिया होने के कारण लाइन का निर्माण नहीं हो पा रहा था। इससे पूर्व 2016 में गौंडार के निकट 210 लाख की लागत से निर्मित 100 किलोवाट की जलविद्युत परियोजना का निर्माण किया गया था, जिसके बाद विद्युत व्यवस्था शुरू होने के बाद 2018 में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हो गयी। इसके बाद पुनर्निर्माण कर विद्युत सप्लाई शुरू की गयी। लेकिन एक बार फिर 2019 में अत्यधिक बारिश व भूस्खलन से पावर हाउस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद से विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। वहीं दूसरी ओर भारत सरकार के केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से सेंचुरी एरिया में लाइन बनाने की अनुमति के बाद विद्युत विभाग द्वारा कार्य शुरू किया गया। अकतोली धार से लगभग 6़6 किमी की नई विद्युत लाइन का निर्माण किया गया। जिसके बाद सोमवार को ट्रायल के बाद सुचारू रूप से आपूर्ति शुरू की गयी। गौंडार गांव के ग्रामीण शिवानन्द पंवार, मदन सिंह पंवार, ताजबर सिंह, यशवंत सिंह, अनूप सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति शुरू होने से देश-विदेश से जुड़ने के साथ ही स्कूली बच्चों को पढ़ाई करने में सहूलियत मिलेगी। ग्राम प्रधान वीर सिंह पंवार ने कहा कि नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा और विकास की मुख्यधारा में एक कदम आगे बढ़ेंगे। एसडीओ किशन मिश्रा ने कहा कि विद्युत सप्लाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *