जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। पौड़ी जनपद में प्रवासियों के घर आने का सिलसिला जारी है। प्रतिदिन सैकड़ों प्रवासी पौड़ी जनपद में पहुंच रहे है। हालांकि प्रशासन की ओर से सभी प्रवासियों को निर्धारित अवधि तक स्कूल, पंचायत घर, मिलन केन्द्र में क्वारंटाइन किया जा रहा है। जनपद में अन्य प्रदेशों से अब तक कुल 45933 स्थानीय लोग अपने-अपने गांव पहुंच गये है।
लॉकडाउन के कारण महाराष्ट, गोवा, चण्डीगढ़, राज्यस्थान, हिमाचल, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात सहित अन्य राज्यों में फंसे प्रवासियों के आने का सिलसिला जारी है। प्रतिदिन सैकड़ों प्रवासी कौड़िया चेक पोस्ट पर पहुंच रहे है। हालांकि यह सभी लोग अनुमति लेकर ही अपने घर के लिए निकले है। कौड़िया चेक पोस्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी थर्मल स्क्रीनिंग कर रही है। इसके बाद उनकी पूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जा रही है। वहीं सभी के हाथ पर होम क्वारंटाइन की मोहर भी लगाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी से होम क्वारंटाइन का पालन करने को कहा जा रहा है। साथ ही कोरोना के प्रारंभिक लक्षण नजर आने पर तुरन्त पास के अस्पताल में जाने को कहा जा रहा है। गुरूवार को कौड़िया चेक पोस्ट पर सैकड़ों प्रवासी पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया।