बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने से रोकने पर पीआरडी जवानों से भिड़े

Spread the love

रुद्रपुर। रुद्रपुर के ग्राम महेशपुर में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले जाने से रोकने पर परिजनों और पीआरडी जवानों के बीच कहासुनी हो गई। बाद में पुलिस ने शव को घर से कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, ग्राम महेशपुर निवासी 18 वर्षीय राधा पुत्री रामावतार का शव बुधवार दोपहर घर के एक कमरे में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया और जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि अस्पताल में तैनात पीआरडी जवानों ने शव को अस्थायी मोर्चरी में रखवा दिया था। इसी बीच पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन शव को अस्पताल से घर ले जाने लगे। पीआरडी जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बावजूद परिजन शव को घर ले जाने में सफल हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस महेशपुर स्थित घर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर मां ने युवती को डांट दिया था, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *