ऊर्जा निगम की ओर से क्षेत्र में सरकारी कार्यालयों में लगाए जा रहे मीटर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार क्षेत्र में अब सरकारी विभागों पर ऊर्जा निगम का बकाया नहीं रहेगा। दरअसल, ऊर्जा निगम ने क्षेत्र में तमाम सरकारी विभागों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। अब सरकारी विभागों को मोबाइल की तरह मीटर को रिचार्ज करना होगा।
सरकारी विभाग समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं करते। जिससे, विभागों का ऊर्जा निगम पर लाखों का बिल बकाया रहता है। यही नहीं, ऊर्जा निगम कई बार संबंधित विभागों को बिल जमा करने के लिए नोटिस भी भेजता है। लेकिन, हर बार बजट मिलने की बात कह कर तारीख को आगे बढ़ा दिया जाता है। ऐसे में ऊर्जा निगम की वसूली शत-प्रतिशत नहीं हो पाती है। लेकिन, अब इस तरह की स्थिति सामने नहीं आएगी। दरअसल, ऊर्जा निगम की ओर से क्षेत्र के सभी सरकारी विभागों को चिह्नित कर वहां स्मार्ट मीटर लगाने शुरू कर दिए हैं। उम्मीद है एक-दो माह में सभी सरकारी विभागों में स्मार्ट मीटर लगने का कार्य भी पूर्ण हो जाएगा। स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब सरकारी कार्यालयों में बिजली खर्च करने से पहले विचार अवश्य किया जाएगा।