आजादी के महोत्सव की तैयारी, घर-घर लहराएगा तिरंगा

Spread the love

नगर निगम की ओर से बुद्धापार्क में चलाया गया हस्ताक्षर अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आजादी के महोत्सव को लेकर नगर निगम ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम की ओर से घर-घर तिरंगा लगाने के लिए आमजन को प्रेरित किया जा रहा है। इसके तहत जहां बुद्धापार्क में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, वहीं सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। जहां बड़ी संख्या में युवा व स्कूली बच्चे पहुंच रहे है। साथ ही लाउड स्पीकर में देश भक्ति गीत भी चलाए जा रहे हैं।
आजादी के अमृत महोत्सव पर घर-घर तिरंगा लहराने के लिए कोटद्वार बाजार भी तैयार हो चुका है। बाजार में तिरंगे की जमकर बिक्री हो रही है। यही नहीं तिरंगे की चूड़ी, टी-शर्ट, बैंड व अन्य सामान की भी लगातार डिमांड बढ़ रही है। महोत्सव को लेकर सबसे अधिक उत्साह स्कूली बच्चों में बना हुआ है। स्कूलों में भी अमृत महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही है। तीन दिन बाद 15 अगस्त को देशवासी आजादी का महोत्सव मनाएंगें। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए बाजार में विभिन्न प्रकार के तिरंगे झंडे व अन्य आइटम उपलब्ध हैं। बाजार में अधिकांश दुकानों में तिरंगे सज रहे हैं। टी-शर्ट से लेकर टोपी, तीन रंगों में सजी नजर आ रही है। गले में डालने वाली तिरंगे की पट्टियां भी लोगों को खूब पसंद आ रही है। बाजार में कपड़े से लेकर कागज के तिरंगे खूब बिक रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए सबसे अधिक उत्साह युवाओं में बना हुआ है। बाजार में भी तिरंगा खरीदने वालों में सबसे अधिक संख्या बच्चों व युवाओं की ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *