हल्द्वानी()। प्रदेश में धामी सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर हरिद्वार की तरह कुमाऊं के हल्द्वानी में विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पहुंचने की उम्मीद है। रैली की तैयारी को लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने बुधवार को कुमाऊं संभाग कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। अजेय कुमार ने बताया कि रैली 21 या 22 अप्रैल को हल्द्वानी में की जाएगी। इसकी तैयारी को लेकर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। अजेय कुमार ने कहा कि रैली के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बैठक में कार्यकर्ताओं को प्रस्तावित एसआईआर को सफल बनाने के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रयास होना चाहिए कि हर व्यक्ति का नई वोटर लिस्ट में नाम शामिल हो। इसके लिए 2003 की वोटर लिस्ट से मैपिंग किए जाने में लोगों को सहयोग करें। बैठक में आगामी संगठनात्मक अभियानों को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा बलबीर धुनियाल, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा महेंद्र सिंह नेगी, पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, विनीत अग्रवाल, नितिन राणा समेत कई दर्जाधारी व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।