मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज, बीएलओ को दिया जा रहा प्रशिक्षण

Spread the love

अल्मोड़ा()। जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस महत्वपूर्ण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में बीएलओ को मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन सहित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण के दौरान सूची को त्रुटिरहित बनाना और पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना प्राथमिकता होगी। इसके लिए बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गणना फॉर्म भरने, प्राप्त करने और उसे ऐप के माध्यम से अपलोड करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सकें। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने नामों का सत्यापन अवश्य कराएं और आवश्यक संशोधन समय रहते सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण सत्र जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार तथा विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर राजेश बत्रा और राजेश कुमार द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *