अस्पताल में डेंगू वार्ड तैयार कर एलाइजा मशीन की अपडेट
अस्पताल में लोगों को भी डेंगू के प्रति किया जा रहा जागरूक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बरसात के समय डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अस्पताल में अलग से डेंगू वार्ड बनाया गया है। साथ ही डेंगू की जांच करने वाली एलाइजा मशीन को भी अपडेट कर दिया गया है। अस्पताल में आने वाले लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हालांकि, शहर में अब तक डेंगू का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।
बरसात के समय जगह-जगह का पानी एकत्रित होने लगा है। ऐसे में डेंगू मच्छर के पनपने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। कोटद्वार में भले ही अभी तक डेंगू का कोई मामला प्रकाश न आया हो। लेकिन, अस्पताल प्रशासन डेंगू से जंग की तैयारी कर ली है। चिकित्सालय में बीस बेड का डेंगू वार्ड बनाया गया है, जिसमें डेंगू पीड़ितों को डेंगू मच्छर के डंक से बचाने के लिए प्रत्येक बेड पर मच्छरदानी की व्यवस्था है। हालांकि, अभी कोई मरीज नहीं है, इस कारण बेड पर मच्छरदानी नहीं लगाई गई है। इसके बाद डेंगू मरीजों के लिए चार प्राइवेट वार्ड भी रखे गए हैं। डेंगू की जांच के एलाइजा मशीन को अपडेट कर दिया गया है। वहीं, अस्पताल में आ रहे लोगों को भी डेंगू से बचाव की जानकारी दी जा रही है।
यह बरते सावधानी
डेंगू से बचाव के लिए आमजन को स्वयं भी सतर्कता बरतनी चाहिए। चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डा. विजय सिंह ने बताया कि हम अपने आसपास साफ-सफाई रख स्वयं को डेंगू से बचा सकते हैं। कहा कि ज्यादातर लोगों में डेंगू के कारण अचानक तेज बुखार आने की समस्या, आंखों में दर्द, पेट में दर्द और त्वचा पर चकते, मचली, गंभीर थकान और शरीर में तेज दर्द की शिकायत होती है।
इन बातों का रखें ध्यान
1. डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए अपने आसपास पानी एकत्रित न होने दें
2. घर में मौजूद बच्चों व बुजुर्ग को फुल बाजू के पकड़े पहनाएं
3. घर में मौजूद गमले व कूलर में पानी जमा न होने दें।
4. किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर चिकत्सक की सलाह ले।
यह बरते सावधानी
1. घर का बना साफ-सुथरा और ताजा भोजन ही करें।
2. पानी पर्याप्त मात्रा लें, लेकिन जबरदस्ती पानी न पीएं, इससे उल्टी हो सकती है।
3. विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह अवश्य लें।