रुद्रप्रयाग में वृद्धाश्रम खोलने की तैयारी शुरू

Spread the love

रुद्रप्रयाग : जनपद में समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धाश्रम खोलने की तैयारी कर रहा है। हालांकि जनपद में पात्र व्यक्तियों का मानक पूरा होने पर ही आगे की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा, किंतु समाज कल्याण विभाग द्वारा ऐसे लोगों को सूचना दे दी जा रही है जो इस दायरे में आ रहे हैं। 60 वर्ष से ऊपर के वृद्धजनों को वृद्धाश्रम की सुविधा मुहैया कराने के लिए उच्च न्यायालय द्वारा जनपदों को आदेशित किया गया है। इसी क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में वृद्धाश्रम को खोलने की प्रारंभिक कवायदें शुरू हो गई हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा ने बताया कि उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेशों के अनुपालन में प्रत्येक जनपद में वृद्धाश्रम स्थापित किए जाने हैं। ऐसे में जो वृद्धजन पारिवारिक परिस्थितियों या अन्य किसी भी कारणों से वृद्धाश्रम में रहना चाहते हैं, वे अपना या सहयोगी का नाम, पूरा पता, मोबाइल नम्बर आदि विवरण समाज कल्याण विभाग या संबंधित विकास खंड में दर्ज करा सकेंगे। आमतौर पर किसी भी जनपद में वृद्धाश्रम खोलने के लिए 60 वर्ष से ऊपर के वृद्धजनों की निर्धारित संख्या पूरी होने पर इसके खोलने की कार्यवाही की जाती है किंतु वर्तमान में वृद्धजनों की परेशानियों को समझते हुए हाईकोर्ट ने संबंधित विभागों को आदेश जारी किए हैं। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इसके लिए विभागीय स्तर से सभी उप जिलाधिकारी, वीडीओ और ग्राम प्रधानों को भी सूचना दे दी गई है। वृद्धजनों के नामों की रिर्पोट और सूची आने के बाद समाज कल्याण विभाग जनपद से वृद्धाश्रम को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजगा। जिसके बाद जनपद में वृद्धाश्रम खोलने की अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *