दीपावली और मंदाकिनी शरदोत्सव की तैयारियां शुरू

Spread the love

रुद्रप्रयाग। दीपावली त्यौहार एवं मन्दाकिनी शरदोत्सव मेले को लेकर थाना अगस्त्यमुनि में व्यापारियों एवं पुलिस प्रशासन के बीच एक सद्भावना बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थानाध्यक्ष राजीव चौहान ने मन्दाकिनी शरदोत्सव मेले को लेकर शान्ति व्यवस्था बनाये रखने, यातायात व्यवस्था एवं वाहन पार्किंग के सम्बन्ध में व्यापारियों से चर्चा की। बैठक में व्यापारियों ने सड़क किनारे एवं बाजारों में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों पर कड़ी आपत्ति जताई। कहा कि ऐसे खड़े वाहनों के कारण अक्सर जाम लगता है और ये दुर्घटना का कारण भी बनते हैं। मेले में मेलार्थियों की भारी भीड़ उमड़ने के कारण ये वाहन समस्या उत्पन्न करेंगे। ऐसे में इन वाहनों को शहर से बाहर किसी चौड़े स्थान पर पार्किंग के लिए कहा जाय। थानाध्यक्ष ने इस बात पर सहमति जताते हुए ऐसे वाहनों का चालान करने की बात कही। दीपावली को देखते हुए पटाखे की दुकानों को सुरक्षित जगह पर लगाने को कहा। खेल मैदान, जहां पर मेला लगना है, वहां केवल मेला समिति एवं अतिथियों के वाहन ही ले जाने की अनुमति होगी। थानाध्यक्ष ने सभी से दीपावली के त्यौहार पर शान्ति एवं सद्भाव बनाये रखने की अपील की। बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन बिष्ट, महामंत्री त्रिभुवन नेगी, पूर्व जिला महामंत्री मोहन रौतेला, सांसद प्रतिनिधि श्रीनन्द जमलोकी, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख रमेश बेंजवाल, उमा कैन्तुरा, विजय बंगरवाल, उत्तम नेगी, रोहित रावत सहित कई व्यापारी मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *