कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी, प्रचार-प्रसार हेतु टीम गठित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हिंदू नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत 2083 (रौद्र) के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर आगामी 18 मार्च को कोटद्वार नगर में भव्य नागरिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दिन नगर के मुख्य मार्गों पर शोभा यात्रा के साथ ही राजकीय प्रेक्षागृह में अपराह्न 4:00 बजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। शोभा यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है और कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु टीम भी गठित की गई।
समारोह की तैयारी को लेकर नव संवत्सर अभिनंदन समारोह समिति की बुधवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आगामी 19 मार्च से नव वर्ष विक्रम संवत् 2083 (रौद्र), युगाब्द 5128 प्रारंभ हो रहा है। विक्रम संवत् देश का सबसे प्रचलित, प्रामाणिक एवं वैज्ञानिक संवत् है। बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 18 मार्च को नव संवत्सर की पूर्व संध्या पर कोटद्वार नगर में भव्य नागरिक समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिसमें नगर के मुख्य मार्गों पर शोभा यात्रा निकालकर भारतीय संस्कृति की झांकी प्रदर्शित की जाएगी। इसके उपरांत राजकीय प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय नव वर्ष का स्वागत किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे और मिष्ठान वितरित किया जाएगा। 19 मार्च को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन पर्व पर प्रात: 5 से 7 बजे भारत स्वाभिमान न्यास के सौजन्य से टाटा परिसर में योगाभ्यास एवं हवन कार्यक्रम आयोजित होगा। बैठक में डॉ. पदमेश बुडाकोटी, एसपी थपलियाल, प्रकाश कोठारी, रवींद्र नेगी, सुनीता कोटनाला, रीमा चौहान, महानंद ध्यानी, चंदन नकोटी, मनोज कुकरेती, डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. गीता रावत, पीएल खंतवाल, रमाकांत कुकरेती, रोशन बलूनी, सिद्धार्थ नैथानी, श्रीकांत दुदपुड़ी, सुदीप बौंठियाल, प्रवेश नवानी, शंकर दत्त गौड़, दीपक कुकरेती, गजेंद्र सिंह चौहान, प्रदीप नौटियाल, दिनेश जुयाल, गोपाल जखमोला, गायत्री भट्ट ,अंजू पुंडीर, रजनी नेगी, सुनीता माहेश्वरी, शशि भूषण अमोली आदि उपस्थित थे।