महोत्सव की तैयारी पूरी, कल नगर में निकलेगी भव्य झांकी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में सिद्धबली महोत्सव आज पांच दिसंबर से शुरु होगा। शुक्रवार शाम शहर में बाबा की भव्य झांकी निकाली जाएगी। तीन दिवसीय इस महोत्सव के दौरान जहां एक ओर धर्म की बयार बहेगी, वहीं संस्कृति के विभिन्न रंग भी नजर आएंगे।
कोटद्वार के प्रसिद्ध श्री सिद्धबली मंदिर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान के दौरान इस मर्तबा धर्म के साथ संस्कृति की बयार बहेगी। मेले के प्रथम दिवस पर निकलने वाली सिद्धबाबा की शोभायात्रा के दौरान जहां एक ओर सड़कों पर निकलने वाली झाकियों में धार्मिक रंग नजर आएगा, वहीं चार स्थानों पर गढ़वाल की संस्कृति की झलक प्रस्तुत होगी। शुक्रवार सुबह प्रात: पांच बजे पिंडी महाभिषेक पं. अशोक जदली के नेतृत्व में होगा। तदुपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच खोह नदी से जल कलश लेकर बालिकाएं यज्ञशाला में पहुंचेंगी, जहां एकादशी कुंडीय यज्ञ शुरू होगा। पंडित देवी प्रसाद भट्ट के दिशा-निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की अग्नि शुक्रवार सुबह ही प्रज्वलित की जाएगी। मंदिर में गीता नेगी की ओर से सुंदर कांड का पाठ किया जाएगा।

देवी मंदिर तक जाएगी शोभायात्रा
कोटद्वार : श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान के दौरान निकलने वाली शोभायात्रा का समापन देवी मंदिर में होगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष डा. जगदंबा प्रसाद ध्यानी ने बताया कि झांकी बद्रीनाथ मार्ग में टाटा कामर्शियल मोटर से शुरू होकर झंडा चौक, नजीबाबाद चौक से होकर देवी मंदिर में पहुंच कर संपन्न होगी। इस दौरान झंडाचौक पर प्रसिद्ध साधो बैंड की प्रस्तुति भी होगी।

मेले में कल
प्रात: पांच बजे : पिंडी महाभिषेक, रूद्रीपाठ व आरती (पं. अशोक जदली के नेतृत्व में)
प्रात: सात बजे : कलश यात्रा, मंदिर परिक्रमा एवं ध्वज पूजा
प्रात: आठ बजे : एकादश कुंडीय यज्ञ का शुभारंभ (पं. देवी प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में)
प्रात: दस बजे : सुंदर कांड
सांय चार बजे : श्री सिद्धबाबा की भव्य शोभायात्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *