कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत से बढ़े डेयरी और मिठाई उत्पादों के दाम

Spread the love

हल्द्वानी()। शहर में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी का सीधा असर अब आम उपभोक्ताओं की थाली पर दिखने लगा है। कई डेयरियों में दूध, दही और पनीर के दाम 10 से 20 रुपये तक बढ़ गए हैं, जबकि मिठाई दुकानों पर जलेबी बनना लगभग बंद हो गया है। खासकर नवरात्र के समय यह संकट लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सिंधी चौक स्थित जायसवाल स्वीट्स और कालाढूंगी रोड की तिवारी डेयरी के संचालकों का कहना है कि गैस नहीं मिलने के कारण उन्हें लकड़ी और कोयले का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे लागत बढ़ गई है और मजबूरी में डेयरी उत्पादों के दाम बढ़ाने पड़े हैं। वहीं, नहर कवरिंग रोड स्थित संतोष डेयरी संचालक ने बताया कि यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो एक अप्रैल से कई अन्य डेयरियां भी दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं। कुछ मिठाई विक्रेता डीजल भट्टी जलाकर मावा और मिठाई बनाने को मजबूर हैं, जो बेहद खतरनाक तरीका है। सिंधी चौक की कुछ दुकानों ने जलेबी बनाना बंद कर दिया है, जबकि अन्य दुकानदारों का कहना है कि यदि गैस आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो वे भी उत्पादन रोक देंगे। हालांकि आंचल, अमूल और मदर डेयरी जैसे बड़े ब्रांड्स ने अभी दरों में बढ़ोतरी नहीं की है। लेकिन स्थानीय स्तर पर कीमतें बढ़ चुकी हैं। वर्तमान में दूध 40-50 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 55-70 रुपये, दही 80 रुपये से बढ़कर 100 रुपये प्रति लीटर और पनीर 310 रुपये से बढ़कर 320 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *