जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्टेडियम कोटद्वार में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता प्रिंस भरत एकेडमी कण्वघाटी के नाम रही।
38-वें राष्ट्रीय खेल प्रचार प्रसार के लिए खेल निदेशालय उत्तराखंड के तत्वावधान में जिला क्रीड़ा अधिकारी के सौजन्य से राजकीय स्पोर्टस स्टेडियम में अंडर-15 बालक वर्ग की फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला ओलंपिक संघ के संरक्षक धीरेंद्र कंडारी ने खिलाड़ियों का परिचय करवाते हुए किया। मंगलवार को राजकीय स्पोर्टस स्टेडियम में फुटबाल का फाइनल मुकाबला खेला गया। मैच के शुरू होते ही प्रिंस भरत एकेडमी व स्पोर्टस स्टेडियम की टीमों ने एक-दूसरे पर गोल करने के लिए शानदार प्रयास शुरू कर दिए। मध्यातंर वे पहले कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। लेकिन, मध्यांतर के बाद प्रिंस भरत एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन दिखाते हुए 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज करवा कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। प्रिंस भरत एकेडमी की तरफ से विशाल, अनुज गुसाईं व अरमान नेगी ने एक-एक गोल कर अपनी टीम को जीत दिलवाई। इस मौके पर स्टेडियम इंचार्ज श्याम सिंह डांगी, शिवम रावत, विक्रम सिंह नेगी, मान सिंह थापा, महेंद्र सिंह रावत, गौरव वाल्मिकी, अमिषा बहुखंडी, राहुल यादव, सिद्धार्थ उनियाल मौजूद रहे।