हरिद्वार()। उत्तराखंड बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में ‘डमी’ परीक्षार्थी बैठाने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल ज्वालापुर के प्रिंसिपल चंगेज अंसारी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा के अनुसार, आरोपी ने आठ से 12 हजार रुपये लेकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराए और असल छात्रों की जगह दूसरे परीक्षार्थियों को बैठाया। बता दें कि, 24 फरवरी को दसवीं की हिंदी परीक्षा के दौरान राइंका सलेमपुर में आठ परीक्षार्थी संदिग्ध पाए गए। जांच में सामने आया कि चार छात्र और चार छात्राएं वास्तविक परीक्षार्थी नहीं थे। कक्ष निरीक्षकों की सतर्कता से यह मामला पकड़ में आया। तब प्रिंसिपल चंद्र द्विवेदी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद सात आरोपियों को हिरासत में लेकर फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए गए, जबकि एक आरोपी फरार हो गया था। व्हाट्सऐप ग्रुप से चलती थी कोचिंग पुलिस के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता 40 वर्षीय चंगेज अंसारी पुत्र जहीर अंसारी निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान ज्वालापुर ‘द सक्सेज प्वॉइंट’ नाम से व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए कोचिंग चला रहा था। ट्यूशन के नाम पर उसने एक छात्रा के परिजनों से बोर्ड परीक्षा पास कराने के लिए 8 से 12 हजार रुपये लिए और दूसरी छात्रा की फोटो लगाकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है।