प्रियंका गांधी बोलीं- छह महीने जान लड़ा दो, नतीजा मिलेगा

Spread the love

लखनऊ , एजेंसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। छह महीने जी-जान लड़ाकर काम करें 2022 के चुनाव में हमें अच्टे नतीजे प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि 2019 के बाद से कांग्रेस के लोगों ने ही यूपी की जनता के सवाल उठाए हैं। जनता की मदद की है। कोरोना काल में खुद की परवाह किए बिना कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के लिए काम करता रहा।
उन्होंने कहा कि आज हमारा संगठन न्याय पंचायत स्तर तक पहुंच चुका है। इसे ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह डेढ़ साल की मेहनत का ही नतीजा है कि इतनी बड़ी संख्या में आप लोग यहां इकट्ठा हुए हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज अगर कांग्रेस के संगठन में नई ऊर्जा आई है तो आप लेकर आए हैं। चुनाव तक हम लगातार काम करेंगे और नतीजों से लोगों को आश्चर्यचकित कर देंगे।
इसके पहले शनिवार को प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लक गईं। वहां प्रियंका ने समाजवादी पार्टी की उस महिला उम्मीदवार से भेंट की जिनके साथ ब्लक प्रमुख चुनाव के दौरान अभद्रता की गई थी। हालांकि सपा नेता क्रांति सिंह ने कहा कि उन्हें या उनकी प्रत्याशी को प्रियंका के आने की कोई सूचना नहीं थी। रात में पुलिस द्वारा जानकारी दी गई थी। वहीं, प्रियंका ने महिला से भेंट कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और कहा कि वो चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगी और जहां-जहां हिंसा हुई है वहां के ब्लक प्रमुख चुनाव को रद्द करने की मांग करेंगी।
प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आठ जुलाई को ब्लक प्रमुख के नामांकन के दौरान महिला प्रत्याशी से बदसलूकी की जाती है और पुलिस खड़ी-खड़ी देखती रहती है। उन्होंने कहा कि जिस अकेले सीओ ने पीड़ितों को बचाने की कोशिश की सरकार ने उसे ही निलंबित कर दिया। बाकी अधिकारी जो खड़े थे उनको कुछ नहीं किया। लखीमपुर खीरी के दौरे के बाद प्रियंका वापस लखनऊ लौट आईं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *